Monday, 16 March 2020

नजरें जो कर देती हैं परेशान



निगाहें मिलाने को जी चाहता है..., आंखों ही आंखों में इशारा हो गया...,अंखियों से गोली मारे.., ना जाने कितने ही सदाबहार गीत बॉलीवुड ने दिए हैं, जो आंखों, नजरों, निगाहों के किस्से या यूं कहें जज्बातों को बयां कर रहे हैं.
अगर इंसान के पास आंखें ना हो तो वह इस खूबसूरत दुनिया को नहीं देख सकता है. आंखों के सहारे ही इंसान जीना सिखता है. हम नजरों से सबकुछ यानी गुस्सा, प्यार, इकरार, शरारत, शर्म जाहिर करते हैं. बिना जुबान हिलाए हम आंखों से बहुत सारी बातें कर जाते हैं, जो हम बोल कर भी नहीं कर पाते.
लेकिन उन नजरों को क्या करें जो किसी को भी परेशान कर दें. ऐसी नजरें महिलाओं और लड़कियों के लिए ही बनी हैं, जो लड़कियों को हर तरफ से घूर रही होती हैं. चाहे वह कहीं भी हों. ये नजरें ऐसी होती हैं जो कपड़े पहने होने पर भी ऐसे देखती हैं, जैसी एक्सरे कर रही हों.
ऐसा मेरे साथ भी कई बार हुआ है. गारण्टी के साथ कह सकती हूं आप लोगों के साथ भी हुआ होगा. जब आप टैक्सी में बैठे हों, किसी का इंतजार कर रहे हों.
कभी दूर खड़ा इंसान पूरी तरह घूर रहा होता है या कभी बगल में खड़ा इंसान टीशर्ट, कुर्ती शर्ट में कुछ ना दिखने पर भी नजरों से अंदर घुसने की पूरी कोशिश कर रहा होता है.
अक्सर मेरा सामना ऐसी नजरों से टैक्सी में सामने या बगल में बैठे किसी के बाप, भाई, चाचा, मामा... बाकी जितने भी रिश्ते पुरुषों को लेकर बने हैं से होता है. मैं ये इसलिए लिख रही हूं, क्योंकि कुछ दिनों पहले ही मेरा सामना ऐसी नजरों से हुआ. मेरे सामने बैठे अंकल बार-बार मेरे सीने की तरफ देखे जा रहे थे. मुझे समझ नहीं आ रहा अंकल को कुछ दिखने की गुंजाइश तो थी नहीं तो भाई साहब देख क्या रहे थे. पांच मिनट बाद मैंने अंकल से पूछा घर की औरतों और लड़कियों को ऐसे ही घूरते हैं. बस कहना इतना ही था अंकल झेंप गए और अपनी मंजिल चारबाग से पहले ही उतर गए. ऐसा ना जाने कितनी लड़कियों के साथ होता होगा जो उन्हें अनकन्फर्टेबल करता है.
मैंने भी जब कुछ साल पहले घर से अकेले निकलना शुरू किया तब मैं ऐसे जवाब नहीं दे पाती थी मैं कुछ लड़कियों की तरह अपनी छाती को बैग से छुपाने की कोशिश करती, असहज महसूस करती थी, टैक्सी या ऑटो से जाने का मन नहीं करता था... लेकिन जाना तो पड़ता था. मुझे लगता था बैग ने सब छुपा लिया, लेकिन मैं गलत थी कि इस समस्या का हल बैग से छुपना नहीं. इसे रोकना ही हल है ताकि किसी और लड़की को ऐसी नजरें परेशान ना कर सकें. ऐसी ही कई किस्से हैं जो मेरे साथ या किसी भी लड़की के साथ हुए होंगे तो मेरे ब्लॉग को फॉलो करें और जानिए मुझसे जुड़ी बातें आपको भी अपनी सी लगेंगी.

Thursday, 5 March 2020

कोरोना वायरस से घबराए सलमान खान, लोगों से की अपील



70 से ज्यादा देशों में फैले चुके कोरोना वायरस का असर बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान पर भी हो गया है. देश-दुनिया में कोई भी घटना घटे उसका असर फिल्म इंडस्ट्री पर भी पड़ता है. ऐसा ही कुछ सलमान खान के साथ हुआ है.
बता दें कि कोरोना वायरस से अबतक तीन हजार से ज्यादा लोगों ने अपनी जान से हाथ धो चुके हैं, इसलिए इससे बचने के लिए बार-बार हाथ धोना न भूलें. इसकी चपेट में 90 हजार लोग आ चुके हैं. भारत में अभी तक तीन कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं.
दरअसल, सलमान ने कोरोना वायरस पर रिएक्शन दिया है. सलमान ने अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह हाथ जोड़कर नमस्ते कर रहे हैं. सलमान ने पोस्ट में लिखा है, 'नमस्कार...हमारी सभ्यता में नमस्ते और सलाम है! जब कोरोना वायरस खत्म हो जाए तब हाथ मिलाओ और गले लगो.' इसके अलावा सलमान की अपकमिंग फिल्म राधे की थाईलैंड की शूटिंग कोरोना की वजह से कैंसिल कर दी गई. अब इस फिल्म की शूटिंग मुंबई में होगी. सलमान के अलावा कई बॉलीवुड हस्तियों ने कोरोना से बचने की सलाह दी है.
आइए जानते हैं कोरोना से बचाव और लक्षण.
लक्षण- सर्दी, जुखाम,सिरदर्द,सीने में दर्द
बचाव—
खांसते और छींकते वक्त रूमाल का इस्तेमाल करें.
मास्क पहनें.
भीड़भाड़ से दूर रहें.
नाक, कान, आंख को बार-बार न छुएं.
अंडा और मांस न खाएं.
जंगली जानवरों से दूर रहे.
हाथ को बार-बार धूलें और सेनेटाइजर का प्रयोग करें.



निर्भया केस: खत्म हुए दोषियों के कानूनी पैंतरे, 20 मार्च को होगी फांसी


तारीख पे तारीख... तारीख पे तारीख... सनी देओल की फिल्म दामिनी का ये डॉयलॉग निर्भया केस पर बिल्कुल फिट बैठ रहा है, जिस तरह फिल्म में जज साहब एक लड़की को इंसाफ देने में तारीखें देते जा रहे थे. वैसे ही रियल लाइफ में निर्भया के दोषियों की फांसी हर बार टाली जा रही है. एक बार फिर फांसी की सजा की तारीख का ऐलान किया गया है.
निर्भया के दोषियों अक्षय सिंह, मुकेश सिंह, पवन गुप्ता और विनय शर्मा को 2013 में फांसी की सजा सुनाई गई थी, लेकिन सजा सुनाए जाने के बाद इन दरिंदों की फांसी की नौबत ही नहीं आ पा रही. वहीं इनके लिए दया की गुजारिश की जा रही है.
निर्भया के दोषियों का नया डेथ वारंट जारी किया गया है. इससे पहले तीन बार फांसी की तारीख का ऐलान हो चुका है, लेकिन कोई न कोई याचिका उस रात हुई हैवानियत पर एक और पर्दा डाल जाती है.
दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने इस बार फांसी की सजा की तारीख 20 मार्च रखी है. सुबह 5.30 बजे फांसी दी जाएगी. इससे पहले 22 जनवरी, 1 फरवरी और 3 मार्च के लिए डेथ वॉरंट जारी किया गया था.
एक बार फिर निर्भया की मां के चेहरे पर तसल्ली की मुस्कान आई है कि इस बार तो बेटी को इंसाफ मिलेगा. क्योंकि चारों दोषियों के सभी कानूनी पैतरे खत्म हो चुके हैं. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार को पवन की दया याचिका खारिज कर दी थी. अन्य तीनों दोषियों की दया याचिका राष्ट्रपति पहले ही खारिज कर चुके हैं.
16 दिसंबर 2012 की उस काली रात की चीखें आज भी लोगों के कानों में गूंजती है. ना जाने सरकार ने कितने महिलाओं की सुरक्षा के लिए काम कर डाले, लेकिन बलात्कार और महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों का सिलसिला आज भी जारी है.



Monday, 2 March 2020

ट्रेलर रिव्यू: अक्षय का खिलाड़ी मोड ऑन, सूर्यवंशी के ट्रेलर में एक्शन का डबल डोज


एक्शन किंग खिलाड़ी कुमार की अपकमिंग फिल्म का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है. रिलीज होते ही ये ट्रेलर सोशल मीडिया पर छा गया है. 

इस फिल्म को रोहित शेट्टी ने डायरेक्ट किया है और उनकी फिल्म में एक्शन का डबल डोज होना लाजमी है. 4 मिनट 15 सेकेंड के ट्रेलर में ड्रामा और एक्शन ताबड़तोड़ है.

फिल्म में सिंघम और सिंबा भी नजर आएंगें. अक्षय की देशभक्ति फिल्म की लिस्ट में एक और फिल्म शामिल हो गई है.

4 मिनट के ट्रेलर में आपको बोरियत महसूस नहीं होगी. ट्रेलर के अंत में सिंबा और सिंघम की एंट्री होती है, जो फैंस के लिए काफी एक्साइटेड करने वाला है.

फिल्म में कटरीना कैफ उनकी पत्नी के किरदार में नजर आएंगी. ये फिल्म 27 मार्च को रिलीज होगी. 

बागी टाइगर के बारे मेें जानिए खास बातें



करोड़ों फैंस के लिए इंस्पीरेशन बन चुके बागी टाइगर श्रॉफ का आज हैप्पी वाला बर्थडे है. टाइगर आज अपना 30 वां जन्मदिन मना रहे हैं. लाखों हसीनाओं का दिल चुराने वाले टाइगर के जन्मदिन पर जानते हैं कुछ खास बातें.
एक्टिंग के साथ टाइगर का फिटनेस और स्पोर्ट्स में काफी इंटरेस्ट है. टाइगर अपने सोशलमीडिया अकाउंट पर तस्वीरें शेयर करते रहते हैं.
2014 में हीरोपंती से टाइगर ने बॉलीवुड में एंट्री की. उसके बाद बागी, बागी2, मुन्ना माइकल, अ फ्लाइंग जट, स्टूडेंट ऑफ द इयर 2 जैसी फिल्मों में काम किया. जहां टाइगर ने एक्टिंग के साथ रोमांस का धुआं उड़ाया.
फिल्मों के साथ म्यूजिक वीडियो भी बनाए. 6 मार्च को टाइगर की फिल्म बागी 3 रिलीज होने वाली है. आशा करते है फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन करेगी. इस फिल्म की कामयाबी टाइगर के लिए किसी गिफ्ट से काम नहीं है.

Thursday, 20 February 2020

शिव और शक्ति के मिलन की रात है महाशिवरात्रि



हर हर महादेव... भोले के भक्तों के लिए आज का दिन किसी जश्न से कम नहीं है. आज पूरा देश भोले के जयकारों से गूंज रहा है. 

वैसे तो हर महीने शिवरात्रि आती है. चंद्र चक्र में आने वाली सबसे अंधेरी रात को शिवरात्रि कहते हैं, लेकिन महाशिवरात्रि साल में एक बार आती है, जो फाल्गुन महीने की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को होती है.

मान्यताओं के अनुसार, महाशिवरात्रि को शिव और शक्ति के मिलन की रात माना जाता है. महाशिवरात्रि के दिन ही शिव ने वैराग्य को छोड़कर गृहस्थ जीवन में प्रवेश किया था.

आज के दिन ही 64 जगहों पर शिवलिंग प्रकट हुए थे. आज के दिन भोले के भक्त उनकी बारात निकालते हैं और हर जगह भोले की धूम होती है.


Tuesday, 18 February 2020

एंटरटेनमेंट की लेटेस्ट न्यूज..



एंटरटेनमेंट गलियारे में आए दिन कुछ न कुछ होता ही रहता है. कभी किसी को फिल्म मिलती है, कभी किसी के हाथ से फिल्म रेत की तरह फिसल जाती है. एंटरटेनमेंट की लेटेस्ट न्यूज..
बंटी और बबली 2 की रिलीज डेट फाइनल कर दी गई है. इस फिल्म को वरूण वी शर्मा डायरेक्ट कर रहे हैं. इस फिल्म में रानी मुखर्जी के साथ सैफ अली खान और सिद्धांत चतुर्वेदी नजर आएंगे. ये फिल्म 26 जून 2020 को रिलीज होगी.
तापसी पन्नू और ताहिर राज भसीन अपकमिंग फिल्म लूप लपेटा में नजर आएंगे. दोनों स्टार पहली बार एक साथ नजर आएंगें. ये फिल्म 29 जनवरी 2021 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. इस फिल्म को आकाश भाटिया डायरेक्ट करेंगे.

डुनिथ वेल्लालेज खेल की सच्ची भावना की मिसाल

एशिया कप 2025 जहां निगेटिविटी और विवादों में घिरा रहा। वहीं, 22 वर्षीय डुनिथ वेल्लालेज ने खेल की सच्ची भावना सबके सामने पेश की। एक ओर सभी को...